रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। अखिल भारतीय मैथिल ब्राह्मण महासभा दिल्ली के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. रामदेव भारद्वाज के नेतृत्व में मैथिल ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण संगोष्ठी टाउनशिप स्थित भाजपा जिला आईटी संयोजक सतेंद्र मैथिल के सभागार में आयोजित हुई। संगोष्ठी में समाज की एकजुटता, शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण तथा राजनीतिक भागीदारी को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए पं. रामदेव भारद्वाज ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी मनभेदों को भुलाकर एकजुट होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने सामाजिक हितों को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। हरियाणा प्रांत अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य देश के विभिन्न प्रांतों में मैथिल ब्राह्मण भवनों का निर्माण कराना है, ताकि सामाजिक गतिविधियों को स्थायी आधार मिल सके।
राजस्थान प्रभारी रामजीत झा ने समाज में व्याप्त वैमनस्यता समाप्त कर भाईचारे और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। भाजपा जिला आईटी संयोजक सतेंद्र मैथिल बेरीवाल ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए राजनीतिक सहभागिता बेहद जरूरी है।
आर्थिक मजबूती के साथ समाज को शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में भी अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
संगोष्ठी के अंत में समाज को संगठित, शिक्षित और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सतीश चंद शर्मा, दीनदयाल मैथिल, सरपंच सुरेंद्र शर्मा, धर्मपाल शर्मा ठेकेदार, गोविंदराम झा, विष्णु कुमार मैथिल, डॉ. आकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


