रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना वृंदावन क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह में करीब 14 वर्षीय बालिका मृत मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने संरक्षण गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में मृतका अपने कमरे से जुड़े अटैच्ड बाथरूम में करीब 15 वर्षीय दो अन्य बालिकाओं के साथ जाती दिखाई दी। कुछ देर बाद दोनों बालिकाएं बाथरूम से बाहर निकल आईं, जबकि मृतका बाहर नहीं आई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों बालिकाओं से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और मौके से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों की घटना में संलिप्तता के संकेत मिले हैं।
संस्था प्रमुख की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के लिए भी पत्राचार किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने मौके का निरीक्षण किया तथा संबंधित बालिकाओं एवं अन्य लोगों से पूछताछ की।
एसएसपी मथुरा के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पुलिस विवेचना और मजिस्ट्रेटी जांच के निष्कर्षों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


