रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। थाना गोविंदनगर क्षेत्र के नई बस्ती डीगगेट निवासी महिला शबाना पत्नी नकीम ने एक पत्रकार समेत चार लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने और जबरन वसूली करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
महिला द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ दिनों से उससे चार हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। आरोप है कि महिला द्वारा रुपये देने से विरोध करने पर शहजाद नामक आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे डराते-धमकाते हुए पुलिस से पकड़वाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
आरोपियों की धमकी से परेशान महिला ने थाना गोविंदनगर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर पत्रकार समेत चारों आरोपियों के खिलाफ रंगदारी और जबरन वसूली से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


