रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख। क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। सावन के चौथे एवं अंतिम सोमवार को भी बिजली कटौती का सिलसिला जारी रहा। इसका असर शिव मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना पर भी पड़ा। बिजली गुल रहने के कारण कई मंदिरों में अंधेरा छाया रहा और श्रद्धालुओं को अंधेरे में ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना करनी पड़ी।
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में आए दिन बिजली कटौती की जा रही है। शिकायत के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार फोन किया जाता है, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने के कारण लोगों को अपनी समस्या बताने में भी परेशानी होती है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से सावन माह में निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद मिश्रिख क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती होने से सरकार के निर्देशों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं। पूर्व में बिजली समस्या को लेकर विधानसभा मिश्रिख के विधायक अशोक कुमार रावत और सांसद द्वारा भी बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। कुछ समय तक व्यवस्था में सुधार दिखाई दिया, लेकिन अब स्थिति फिर जस की तस हो गई है।
लगातार बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।


