वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही सशक्त एवं समृद्ध भारत और नए उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है। प्रदेश सरकार बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए पोषण सेवाओं को लगातार प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बना रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की नवीन पोषण गाइडलाइन के अनुरूप रेसिपी आधारित अनुपूरक पोषाहार सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर लागू किया गया है। इसका उद्देश्य लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं की भूमिका बच्चों के स्वस्थ भविष्य के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। पोषण सेवाओं को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और निरंतर सुदृढ़ करते हुए प्रदेश सरकार स्वस्थ, सुपोषित और सशक्त पीढ़ी के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्वस्थ, सुपोषित, सशक्त और समृद्ध नया उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने में पोषण अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है।


