•बढ़ई, नाई, दर्जी समेत नौ ट्रेडों के लिए 16 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। परंपरागत हुनर को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वर्ष 2026-27 के तहत जिले के ग्रामीण और शहरी दस्तकारों एवं कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना के तहत बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची और धोबी ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए जाति की कोई बाध्यता नहीं है। संबंधित व्यवसाय से जुड़े व्यक्ति ही प्रशिक्षण के पात्र होंगे।
इच्छुक कारीगरों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ ग्राम प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष अथवा निकाय के वार्ड सदस्य का प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र कार्यालय में जमा नहीं करना होगा, बल्कि साक्षात्कार के समय आवेदन पत्र और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 शाम पांच बजे निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, लखन वाटिका के पास, दिबियापुर रोड, औरैया में कार्य दिवस पर संपर्क किया जा सकता है।


