•वित्त मंत्री सुरेश खन्ना करेंगे खिलाड़ियों का सम्मान, अजीतमल में होगा खेल रत्न एवं जीजा माता सम्मान समारोह।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जिले की खेल प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देने के लिए 30 सितंबर को अजीतमल में खेल रत्न सम्मान एवं जीजा माता सम्मान समारोह-2026 का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी, योग साधक, शिक्षक और खेल प्रशिक्षक समारोह में सम्मानित किए जाएंगे।
डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जिला ओलंपिक संघ और क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना होंगे। कार्यक्रम बुधवार को सुबह 11 बजे ब्लॉक सभागार अजीतमल में होगा।
समारोह में पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय और जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष राज कुमार दुबे की मौजूदगी रहेगी।
एसोसिएशन के चेयरमैन एवं भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि आयोजन का मकसद जिले में खेल और योग को नई पहचान देने के साथ प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाना है। जिला ओलंपिक संघ के महासचिव एवं जिला व्यायाम शिक्षक मनीष मिश्रा ने खिलाड़ियों और योग साधकों से समारोह में सहभागिता की अपील की।


