सीतापुर। खाद्यान्न की कालाबाजारी और परिवहन में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री तथा सीतापुर के प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिलाधिकारी सीतापुर को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी मंत्री ने खाद्यान्न परिवहन से जुड़े ठेकेदार के साथ जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) और संबंधित सप्लाई इंस्पेक्टरों की भूमिका की भी जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मामले में जिम्मेदारी तय करने के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में यदि ठेकेदार अथवा किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री के सख्त रुख के बाद खाद्य एवं रसद विभाग में खलबली मची हुई है। अब जांच रिपोर्ट में पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।


