-वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना होंगे मुख्य अतिथि, अजीतमल ब्लॉक सभागार में होगा आयोजन
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए 30 सितंबर को अजीतमल ब्लॉक सभागार में खेल रत्न सम्मान एवं जीजा माता सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया जाएगा। डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, जिला ओलंपिक संघ और क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले समारोह में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, योग साधकों, शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना होंगे। समारोह 30 सितंबर, बुधवार को सुबह 11 बजे आयोजित होगा।
विशिष्ट अतिथियों में पूर्व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत, सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय तथा जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष राज कुमार दुबे मौजूद रहेंगे।
डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के चेयरमैन एवं भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि समारोह का उद्देश्य जिले में खेल और योग को बढ़ावा देना तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना है।
जिला ओलंपिक संघ के महासचिव एवं जिला व्यायाम शिक्षक मनीष मिश्रा ने खेल और योग साधकों से समारोह में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।


