रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश से प्राप्त आगामी दो दिनों के वर्षा पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदियों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महराजगंज ने तहसील निचलौल क्षेत्र में चन्दन एवं गंडक नदी के जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया।
अपर जिलाधिकारी ने शाम छह बजे चन्दन नदी तथा शाम 6:45 बजे गंडक नदी के बी-गैप स्थित ठोकर संख्या-01 का निरीक्षण किया। इस दौरान नदी के जलस्तर, तटवर्ती क्षेत्रों और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया गया।
लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों से कहा गया कि नदी या तटबंध की स्थिति में किसी भी प्रकार का बदलाव अथवा आपदा की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) महराजगंज को सूचना दी जाए।
जिला प्रशासन द्वारा नदियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नदी किनारे और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।


