•कप्तानगंज पुलिस ने गढ़हा गौतम अंडरपास से दबोचा, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
बस्ती। कप्तानगंज पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनके कब्जे से एक किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने गढ़हा गौतम अंडरपास के पास पहुंचकर झोला लिए दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर झोले से एक किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अतुल पाठक पुत्र स्व. राधिका प्रसाद पाठक, उम्र करीब 54 वर्ष, निवासी ग्राम डुहवा मिश्र, थाना छावनी, जनपद बस्ती तथा अविनाश मिश्रा उर्फ चुन्नू ज्योतिष पुत्र स्व. शेषनाथ मिश्रा, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी ग्राम डुहवा मिश्र, थाना छावनी, जनपद बस्ती के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 261/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद गांजा कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अतुल पाठक का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ थाना छावनी, कप्तानगंज, नगर, पैकोलिया और दुबौलिया के अलावा जनपद गोंडा के थाना छपिया में चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गिरोहबंद अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अविनाश मिश्रा उर्फ चुन्नू ज्योतिष के खिलाफ थाना दुबौलिया, बस्ती में वर्ष 2026 में बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह और कांस्टेबल जयप्रकाश यादव की पुलिस टीम ने की।


