•सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, घाटों पर तैनात होंगे गोताखोर और पुलिसकर्मी।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न छठ घाटों एवं पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पक्का पोखरा, चीनी मिल तिराहा, मोतीपुर, मगहर एवं बालूशासन स्थित छठ घाटों पर सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने के साथ खोया-पाया केंद्र एवं प्रभावी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों एवं सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सुरक्षा की दृष्टि से गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। इसके साथ ही गोताखोरों, नाविकों एवं बचाव दल की पर्याप्त संख्या में तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम एवं व्यवस्थित रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए टीएसआई को प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदयराम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी बघौली अर्जित प्रकाश, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे, टीएसआई परमहंस सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


