-फेक न्यूज और अफवाहों पर रोक के साथ सकारात्मक कंटेंट को बढ़ावा देने की अपील
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा के नेतृत्व में रविवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ जनहितकारी एवं जागरूकता संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि जनहित एवं सराहनीय कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों के प्रसार को रोकने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने पर जोर दिया गया। इन्फ्लुएंसर्स से जागरूकता आधारित सकारात्मक कंटेंट तैयार करने की अपील की गई। इस दौरान लघु फिल्मों एवं वीडियो क्लिप के माध्यम से वास्तविक जीवन में घटित परिस्थितियों को दर्शाते हुए जनजागरूकता के प्रभावी संदेश देने पर भी चर्चा हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया आमजन तक सूचनाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशामुक्ति, डायल-112, साइबर हेल्पलाइन, मिशन शक्ति और सड़क सुरक्षा जैसे अभियानों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सकता है। बैठक में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से इन अभियानों में सहयोग की अपेक्षा की गई।


