सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम
संत कबीर नगर। नवागत जिलाधिकारी एवं अध्यक्षा, जिला सैनिक बोर्ड, संत कबीर नगर श्रीमती अनुज मलिक, आईएएस से जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रामप्रकाश मिश्रा (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान सूबेदार यदुनंदन मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों तथा उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सैनिक बंधु की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि पूर्व सैनिकों की समस्याओं को उचित मंच पर सुना जा सके और उनका प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रामप्रकाश मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत कबीर नगर की समस्त पूर्व सैनिक बिरादरी की ओर से उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया जाता है। उन्होंने कहा कि संत कबीर नगर वीर सैनिकों की धरती है, जिसने देश की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं।
कर्नल मिश्रा ने अमर शहीद सत्यवान सिंह, वीर चक्र विजेता का विशेष रूप से स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे वीर योद्धाओं का शौर्य और बलिदान आज भी सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जनपद में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी तथा सैनिक कल्याण की गतिविधियां और अधिक प्रभावी होंगी।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक रमाकांत, मुक्तनाथ, राम बचन, राघवेंद्र प्रताप राय, विजेंद्र वर्मा एवं कपिल देव तिवारी सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


