👉 स्व-गणना (Self-Enumeration) हेतु आधिकारिक पोर्टल/वेबसाइट https://se.census.gov.in
रिपोर्ट: केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के क्रम में जनपद के प्रिन्ट/इलेक्ट्रानिक मीडिया बन्धुओं द्वारा जिला सूचना कार्यालय में उपस्थित होकर स्व-गणना (Self-Enumeration) की गयी।
इस अवसर पर सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज द्वारा समस्त सम्मानित मीडिया बन्धुओं से अपनी/परिवार की स्व-गणना पूर्ण करने के साथ-साथ अपने पेपर/चैनल/सोशल मीडिया हैण्डल्स के माध्यम से स्व-गणना कार्य एवं स्व-गणना की अवधि (दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक) का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा अन्य लोगो को भी स्व-गणना हेतु प्रेरित करने की अपील की गयी।
उपस्थित मीडिया बन्धुओं को अवगत कराया गया कि जनपद में दिनांक 16 नवम्बर, 2026 से 30 नवम्बर, 2026 तक की अवधि में स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक घर-घर जनसंख्या की गणना की जाएगी।
स्व-गणना(Self-Enumeration) की प्रक्रिया के संबंध में सूचना अधिकारी द्वारा बताया गया कि दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना(Self-Enumeration) का कार्य किया जाएगा जिसमें सभी जनपदवासी जनगणना के पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉगिन कर अपनी और अपने परिवार की स्व-गणना स्वयं कर सकते हैं। स्व-गणना की प्रक्रिया में दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना करने की अवधि में स्व-गणना के पोर्टल/वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाएं, अपना राज्य चुनें और कैप्चा भरें, परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करें और प्राप्त ओटीपी (OTP) से सत्यापन करें। अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें, डिजिटल मैप पर अपने घर का सही स्थान और लैंडमार्क चिह्नित करें, परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जानकारी व प्रश्नावली भरें और फॉर्म को अंत में सबमिट कर दें। उन्होंने बताया कि सबमिशन के बाद 11 अंकों की एक ‘SE ID’ प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखें और जब जनगणना अधिकारी (Enumerator) आपके घर आएं, तो उन्हें यह आईडी दिखाएं।
स्व-गणना की प्रक्रिया दौरान पोर्टल पर व्यक्ति की पहचान, शिक्षा, भाषा, रोजगार, जन्म सहित अन्य जानकारियों से संबंधित कुल 40 प्रश्नों को शामिल किया गया है जिसका यथोचित विकल्प प्रत्येक नागरिक को चुनना होगा


