वृन्दावन। अल्हैपुर मार्ग (निकट राधा फ्लोरेंस) स्थित नवनिर्मित श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम में दयाराम चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रहे पंच दिवसीय उदघाटन एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन प्रातःकाल 108 ब्राह्मणों द्वारा सहस्र चंडी पाठ व वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा देव पूजन किया गया।
महोत्सव के अंतर्गत श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष भागवत किंकर कमल नयन महाराज ने समस्त भक्तों-श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन देते हुए कहा कि पूर्व से लेकर पश्चिम और उत्तर से लेकर दक्षिण तक विश्वभर में प्राचीन वैदिक सनातन धर्म की पुनर्स्थापना करना ही श्री दयाराम बद्री केदार आश्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इसके द्वारा ऐसे सेवा प्रकल्प संचालित किए जाएंगे, जो नर सेवा को ही नारायण सेवा मानकर कार्य करेंगे।
श्रद्धेय कमल नयन महाराज ने कहा कि यदि हम लोगों को मनुष्य जन्म मिला है,तो हमें ईश्वर को बारंबार धन्यवाद देना चाहिए, कि उन्होंने हमें परोपकार करने के लिए चुना है।क्योंकि चौरासी लाख जीवों में केवल मनुष्य ही ऐसा है, जो ईश्वर की साधना करके अपना और समस्त जीवों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक आचार्य युगल किशोर कटारे, पंडित श्याम सुन्दर ब्रजवासी, प्रोफेसर डॉ. रत्नेश त्रिपाठी आचार्य मंगेश दुबे, मीडिया प्रभारी डॉ. राधाकांत शर्मा, अंकित शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सायंकाल सुमधुर भजन संध्या का आयोजन सम्पन्न हुआ।जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक बनवारी लाल महाराज संगीताचार्य के द्वारा श्रीराधा-कृष्ण की महिमा से सुसज्जित भजनों व रसियाओं का संगीतमय गायन किया।जिस पर देश-विदेश से आए समस्त भक्तों-श्रृद्धालुओं ने जोरदार नृत्य किया।


