महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के विरोध में सपा का प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन।

Spread the love

मथुरा। समाजवादी पार्टी मथुरा ने अपने सभी फ्रंटल संगठनों के साथ जिला कार्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, पेपर लीक की घटनाओं तथा कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश का किसान, नौजवान, मजदूर, व्यापारी, छात्र एवं आम जनमानस सरकार की नीतियों से परेशान है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जबकि युवाओं का भविष्य लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं के कारण अंधकारमय होता जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की।

धरना-प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सांकेतिक रूप से बैलगाड़ी लेकर जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच कर गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, अवरुद्ध विद्युत आपूर्ति, छात्रों के साथ हो रहे अन्याय, पेपर लीक की घटनाओं, नीट, एनटीए एवं सीबीएसई बोर्ड से जुड़े कथित अनियमितताओं, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों तथा महंगाई के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों के अनुसार पेट्रोल-डीजल के दाम निर्धारित किए जाएं तथा आम जनता को राहत दी जाए।कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने किया।

इस अवसर पर जिला महासचिव सुभाष पाल, वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, दिगंबर सिंह जाटव, गगन रावत, जिला सचिव तुलसीराम धनगर, मोड़ ठाकुर, युवजन सभा जिलाध्यक्ष मुरारी मैथिल, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सोनू ठाकुर, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष नजर कुरैशी, छात्र सभा अध्यक्ष संतोष यादव, अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष नाजीम अब्बासी, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष संदीप अहेरिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *