शहीद विपिन शर्मा को प्रियंका गांधी ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों को सौंपा शोक संदेश।

Spread the love

मथुरा, 3 जून। भारतीय सेना की आर्मी मेडिकल कोर में तैनात राया ब्लॉक के ग्राम पिरसुआ निवासी जवान विपिन शर्मा के आकस्मिक निधन पर कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने ग्राम पिरसुआ पहुंचकर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रियंका गांधी द्वारा भेजा गया शोक संदेश उनके परिजनों को सौंपा।

प्रियंका गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि विपिन शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि एक बहादुर सैन्य कर्मी के रूप में विपिन शर्मा न केवल मथुरा बल्कि पूरे देश का गौरव थे। देश के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी सेवाओं और बलिदान के लिए देश सदैव उनका एवं उनके परिवार का ऋणी रहेगा।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार शहीद के परिजनों के साथ खड़ा है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि शहीद विपिन शर्मा के अंतिम संस्कार के दौरान जिला प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि देश की सेवा में समर्पित सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की रक्षा करते हैं। ऐसे वीर जवान के निधन पर प्रशासन की ओर से उचित सम्मान न दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। उन्होंने प्रशासन से शहीदों के सम्मान के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *