•शॉल भेंटकर किया सम्मानित, पौधों का वितरण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र के ऐठीडीह स्थित कबीर तिवारी आश्रम में शुक्रवार को स्वर्गीय कबीर आदित्य नारायण तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कबीर आदित्य नारायण तिवारी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान के साथ जरूरतमंदों की सहायता, महिला सम्मान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 100 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, जबकि जरूरतमंदों को ठेले भी प्रदान किए गए। आगंतुकों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया और लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
रक्तदान शिविर में बस्ती चैरिटेबल ब्लड बैंक ने सहयोग प्रदान किया। शिविर के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई। ब्लड बैंक की टीम के मुकेश कुमार, शिवम मिश्र, संदीप चौधरी और जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने 20 यूनिट रक्त संग्रह में योगदान दिया।
कार्यक्रम में जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित करने की पहल को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन से जोड़कर देखा गया। आयोजकों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने और विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसके साथ ही महिलाओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। पौधों के वितरण के जरिए लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय कबीर आदित्य नारायण तिवारी के परिवार की ओर से न्याय की मांग का मुद्दा भी उठाया गया। रंजना तिवारी ने अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। वहीं, उनके बड़े भाई तुलसी तिवारी ने भी न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। परिवार ने न्याय के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
स्वर्गीय कबीर आदित्य नारायण तिवारी की सातवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में इं. वीरेंद्र मिश्रा, अभय देव शुक्ला, राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


