•भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में स्वामी घाट से ध्रुव घाट तक हुआ दीपदान, सनातन संस्कृति की दिखी अनुपम छटा।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा में देव दीपावली का पर्व मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित दीपोत्सव का शुभारंभ स्वामी घाट से हुआ। इसके बाद स्वामी घाट से ध्रुव घाट तक मां यमुना के दोनों तट हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। यमुना की लहरों के बीच टिमटिमाते दीपों का दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो।
दीपदान के उपरांत मां यमुना महारानी की भव्य महाआरती की गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और यमुना मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने आरती में सहभागिता कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। पूरा यमुना तट भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने कहा कि देव दीपावली हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। मां यमुना के तट पर दीपदान और महाआरती का आयोजन ब्रज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने मां यमुना की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
संजय हरियाणा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं बंसीलाल शर्मा ने कहा कि मां यमुना ब्रज की पहचान और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। उनकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर गौरव कांत शर्मा, केके शर्मा, राजा ज्ञानेंद्र दीक्षित, अजय शर्मा लब्बू, सुनील शर्मा, आशीष शर्मा, श्याम शर्मा,पंडित विष्णुकांत भारद्वाज, मुकेश शर्मा, संजय पंडित पाराशर राजकुमार शर्मा हरीश शर्मा सर्वेश चतुर्वेदी अभिषेक शर्मा चारू शर्मा ज्योति चतुर्वेदी तनुजा चतुर्वेदी सरोज वशिष्ठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


