•हरकी पौड़ी ब्रह्मकुंड सहित सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी।
•प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच निर्विघ्न संपन्न हुआ स्नान पर्व।
रिपोर्ट: अरविंद गोयल
हरिद्वार (उत्तराखंड)। विश्वविख्यात तीर्थनगरी हरिद्वार में वर्ष के अंतिम कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरकी पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। इसके अलावा मालवीय घाट सहित हरिद्वार के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगा स्नान किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
स्नान पर्व के चलते अपर रोड सहित शहर के सभी प्रमुख बाजारों और मार्गों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
प्रशासन के पुख्ता इंतजामों और अथक प्रयासों के चलते कार्तिक पूर्णिमा का पावन स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न हुआ।


