•मतदाता सूची से नाम काटने और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल •जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने की यात्रा में शामिल होने की अपील
मथुरा। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से संविधान रक्षा यात्रा निकाली जाएगी। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हुई हैं। संविधान और प्रजातंत्र की बुनियाद एक वोट है। ऐसे में नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित करना संविधान और लोकतंत्र की नींव कमजोर करने जैसा है।
मुकेश धनगर ने बताया कि संविधान रक्षा यात्रा 26 नवंबर को नेहरू भवन स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुरू होगी। इसके बाद यात्रा एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज पहुंचेगी, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर इसका समापन किया जाएगा। उन्होंने सिविल सोसाइटी, सामाजिक संगठनों, युवाओं और संविधान में आस्था रखने वाले सभी नागरिकों से यात्रा में शामिल होने की अपील की। बताया कि इसके लिए लोगों को व्यक्तिगत रूप से भी आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किए जाने से पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान सभा में लोकतंत्र और देश के भविष्य को लेकर कई गंभीर चिंताएं व्यक्त की थीं। इनमें अधिनायकवादी नेतृत्व, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता कमजोर होने और धर्म को देश से ऊपर रखने जैसी आशंकाएं शामिल थीं। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उनकी ये चेतावनियां आज भी प्रासंगिक प्रतीत होती हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मार्च 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मुख्य न्यायाधीश की समिति का प्रावधान किया था, लेकिन दिसंबर 2023 में केंद्र सरकार ने कानून बनाकर मुख्य न्यायाधीश की जगह एक केंद्रीय मंत्री को शामिल कर लिया। इससे चयन समिति में सरकार का बहुमत हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।
उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नागरिकता निर्धारित करना चुनाव आयोग का काम नहीं है, इसके बावजूद मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया ने लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर चिंता बढ़ाई है। उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूचियों के आंकड़ों में अंतर का मुद्दा सामने आया है। उनके अनुसार स्थानीय निकायों और विधानसभा की मतदाता सूचियों के आंकड़ों में बड़ा अंतर है, जिस पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है।
मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में बदलाव और संवैधानिक संस्थाओं पर बढ़ते सरकारी नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और मताधिकार की सुरक्षा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का सवाल है।
उन्होंने कहा कि संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा की यह लड़ाई कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ी जा रही है। उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सहित पार्टी के सांसद और विधायक इसकी अगुवाई कर रहे हैं।
अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, सिविल सोसाइटी और आम नागरिकों से 26 नवंबर को लखनऊ पहुंचकर संविधान रक्षा यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक के वोट का अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। एक वोट बचाना ही संविधान बचाना है।


