•छाता, बलदेव, मांट, फरह और मथुरा समेत विभिन्न ब्लॉकों की जिम्मेदारी सौंपी; नगर क्षेत्रों का भी आवंटित किया अतिरिक्त प्रभार
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने छह खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र निर्धारित कर दिए हैं। इस संबंध में 23 नवंबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया गया। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद अन्य जनपदों से मथुरा आए खंड शिक्षा अधिकारियों को विकासखंड एवं नगर क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश प्रयागराज के 19 नवंबर 2026 के पत्र के क्रम में जारी इस आदेश का उद्देश्य विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बनाए रखना है। बीएसए के अनुसार जनगणना, निर्वाचन संबंधी कार्य, वार्षिक परीक्षाओं और निपुण आकलन सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह कार्यक्षेत्र आवंटित किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
1\. अमरनाथ – विकासखंड छाता, अतिरिक्त प्रभार नंदगांव एवं नगर क्षेत्र कोसीकलां।
2\. सौरभ आनंद – मुख्यालय, अतिरिक्त प्रभार नगर क्षेत्र मथुरा एवं वृंदावन।
3\. सुमित कुमार सिंह – विकासखंड बलदेव, अतिरिक्त प्रभार राया।
4\. रवि प्रकाश – विकासखंड मांट, अतिरिक्त प्रभार नौहझील।
5\. ओमप्रकाश अकेला – विकासखंड फरह, अतिरिक्त प्रभार गोवर्धन।
6\. ओमप्रकाश यादव – विकासखंड मथुरा, अतिरिक्त प्रभार चौमुहां।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आवंटित विकासखंड एवं नगर क्षेत्र का कार्यभार तत्काल ग्रहण कर विभागीय दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। आदेश की प्रतिलिपि शासन, शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


