12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे संविदा कर्मचारी, नियमितीकरण और समान वेतन समेत कई मांगें
बस्ती। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर संविदा कर्मचारियों का धरना और कार्य बहिष्कार शनिवार को दूसरे दिन भी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में जारी रहा। कर्मचारी नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री डॉ. आदित्य भारती, मंडल अध्यक्ष डॉ. वीके वर्मा और जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरने में वक्ताओं ने कहा कि संविदा कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार 10 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके बाद भी सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 12 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के अनुसार, जिले के करीब 1,100 संविदा स्वास्थ्यकर्मी कार्य बहिष्कार में शामिल हैं।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी कई वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान दे रहे हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में स्थानांतरण नीति बहाल करना, सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए नीति बनाना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में शामिल करना तथा स्वास्थ्य विभाग की नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत पद आरक्षित करना शामिल है। इसके अलावा नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और सेवा सुरक्षा की मांग भी उठाई गई।
धरने में डॉ. आनंद गौरव शुक्ला, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. प्रदीप शुक्ला, डॉ. जुनेद अहमद, डॉ. इंद्रेश चौधरी, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. श्रद्धा सिंह, डॉ. दीपिका सचान, डॉ. नीलम चौधरी, डॉ. सतीश चौधरी, डॉ. ए.के. दूबे, डॉ. पी.एन. चौधरी, डॉ. धर्मेंद्र चौधरी, डॉ. सुनील सौरभ, डॉ. रवि वर्मा, डॉ. नफीस खान, डॉ. साजिया, डॉ. अनिल मिश्र, डॉ. अमित पांडेय, विवेक मिश्र, शशि मौली रतन पांडेय, राकेश पांडेय, अनीता देवी, अनुराधा सिंह, राजकुमार प्रजापति, प्रभाकर श्रीवास्तव, राघवेंद्र त्रिपाठी, विवेक कुमार यादव, शिव भूषण श्रीवास्तव, रविंद्र चौधरी, रीतेश कुमार सिंह, भगवान स्वरूप, कृष्ण मोहन सिंह, विजय वर्मा, मेराज अहमद, विवेकानंद सिंह, रविंद्र पटेल, प्रदीप यादव, विकास गौड़, जमील अहमद, उमेश श्रीवास्तव, डॉ. नीरज यादव, अवधेश मिश्र, अखिलेश चतुर्वेदी, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।


