•डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश, निकास द्वार से वीआईपी दर्शन पर रोक
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल में नवरात्र मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को बसही स्थित सैम्फोर्ड पब्लिक स्कूल के सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्र मेले में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर सतर्क रहें, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। मेला क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटकर 20 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 72 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण करने और प्रतिस्थानी के पहुंचने के बाद ही ड्यूटी छोड़ने का निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि प्रतिदिन सुबह चार बजे से दोपहर तीन बजे तक वीआईपी दर्शन नहीं होंगे। किसी को भी निकास द्वार से दर्शन कराने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी ड्यूटी को सेवा भाव से निभाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ शिष्टाचार से पेश आएं और जाम की स्थिति न बनने दें। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व डीएम ने विंध्याचल मंदिर परिसर और गंगा घाटों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था बेहतर रखने तथा जलस्तर घटने पर सीढ़ियों से मलबा हटाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, एएसपी सिटी योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


