•विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह सभागार, जनपद संत कबीर नगर में वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय श्री सुभाष यदुवंश जी, सदस्य विधान परिषद एवं सभापति, विनियमन समिति, विधान परिषद, उत्तर प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, शहीद परिवारों तथा वीरता एवं सेवा से जुड़े सैनिकों के योगदान का सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि माननीय श्री सुभाष यदुवंश जी ने कहा कि सैनिकों का साहस, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रभक्ति देश की सुरक्षा तथा स्वाभिमान की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की चेतना का स्थायी हिस्सा है और वीर सैनिकों की शौर्यगाथाएँ युवा पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना जगाती हैं।
मुख्य अतिथि ने जनपद की गौरवशाली सैन्य परंपरा का उल्लेख करते हुए वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में वीर चक्र से अलंकृत सिपाही सत्यवान सिंह सहित जनपद के वीर सपूतों के शौर्य को नमन किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने दिया आश्वासन।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम मिश्रा (सेवानिवृत्त) ने जनपद की सैन्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य करता रहेगा।
समारोह में हवलदार रमाकांत, हवलदार राम जनम, श्री अभिषेक कुमार, श्री इष्टदेव, श्री अच्छेलाल एवं श्री गौरीशंकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में सम्मानित/पुरस्कृत व्यक्ति:
1. श्री विजय बहादुर सिंह — वीर चक्र (मरणोपरांत) से अलंकृत सिपाही सत्यवान सिंह के भाई।
2. हवलदार योगेन्द्र कुमार — सेना मेडल (SM)।
3. श्रीमती मंजू यादव — वायु सेना मेडल से सम्मानित सर्जेंट सुधाकर यादव की पत्नी।
4. श्रीमती गुड़िया देवी — सिपाही गणेश शंकर की पत्नी।
5. श्रीमती शक्लैन खातून — स्प्र एजाज अहमद अंसारी की माता।
6. श्रीमती शकीरून निशा — द्वितीय विश्व युद्ध की विधवा।
7. श्रीमती चंद्रावती — द्वितीय विश्व युद्ध की विधवा।
8. श्रीमती शांति देवी — द्वितीय विश्व युद्ध की विधवा।
9. पूर्व सूबेदार यदुनंदन मिश्रा।
10. पूर्व सिपाही कपिल देव तिवारी।
11. पूर्व नायक राम शंकर पाल।
12. पूर्व सिपाही राम दास।
13. पूर्व सूबेदार निरंकार राय।
कार्यक्रम के अंत में कर्नल राम मिश्रा ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


