‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, समोसे का नमूना जांच के लिए भेजा।
रिपोर्ट: के.के. मिश्रा।
संत कबीर नगर। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत विशेष जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) सतीश कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान केला पकाने वाली यूनिटों का निरीक्षण किया गया, जबकि एक समोसा भंडार में अत्यधिक गंदगी मिलने पर उसे अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नवीन मंडी के निकट स्थित जय अंबे केला सप्लायर, चंद्रिका प्रसाद केला भंडार तथा चौधरी फूड कंपनी की केला पकाने वाली यूनिटों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के दृष्टिगत संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
इसके बाद टीम ने खलीलाबाद के मड़िया स्थित झिनकू समोसा भंडार का औचक निरीक्षण किया। यहां समोसे का एक सर्विलांस नमूना संग्रहित कर जांच के लिए भेजा जा रहा है। प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी और अन्य कमियां पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया।
विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कुल एक नमूना संग्रहित किया गया है, जिसे जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश कुमार एवं सच्चिदानंद गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


