योगेश प्रथम, अनूप द्वितीय और अनुपम मिश्रा रहे तृतीय स्थान पर
बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में गुरुवार को विज्ञान टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 45 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। शिक्षकों ने विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल, रोचक और प्रयोगात्मक तरीके से समझाने वाले नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य कक्षा शिक्षण में नवाचार और गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता में शिक्षकों ने श्वसन तंत्र, उत्सर्जन तंत्र, पाचन तंत्र, गति, ध्वनि एवं तरंग, प्रकाश संश्लेषण तथा प्रकाश के परावर्तन और अपवर्तन जैसे विषयों पर आधारित टीएलएम का प्रदर्शन किया। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों को कठिन वैज्ञानिक अवधारणाएं आसानी से समझाने और शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के तरीके प्रस्तुत किए गए।
प्रतियोगिता में बहादुरपुर विकासखंड के योगेश सिंह तोमर ने प्रथम, परशुरामपुर के अनूप कुमार द्विवेदी ने द्वितीय और बनकटी के अनुपम मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, गौर के संदीप वर्मा और परशुरामपुर के बृजेश कुमार को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। निर्णायक मंडल में अलीउद्दीन खान, डॉ. गोविंद प्रसाद और कुलदीप चौधरी शामिल रहे।
डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि विज्ञान शिक्षण को प्रभावी बनाने में टीएलएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से विद्यार्थी कठिन अवधारणाओं को देखकर, समझकर और प्रयोग करके आसानी से सीख सकते हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं शिक्षकों को नवाचार के लिए प्रेरित करने के साथ अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कक्षा शिक्षण में गतिविधि आधारित पद्धतियों और स्थानीय संसाधनों से तैयार शिक्षण सामग्री का अधिकाधिक उपयोग करने पर जोर दिया।
डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षण-अधिगम सामग्री से विज्ञान की अवधारणाओं को स्पष्ट और प्रभावी ढंग से समझाया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि बढ़ती है और सीखने की प्रक्रिया सरल बनती है।
कार्यक्रम की नोडल प्रवक्ता सरिता चौधरी ने कहा कि विज्ञान आधारित मॉडल तैयार करने से बच्चों में विषय की समझ विकसित होने के साथ वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रयोग करने की प्रवृत्ति भी बढ़ती है। यह प्रयास भविष्य के वैज्ञानिक तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर वर्षा पटेल, डॉ. रविनाथ, मोहम्मद इमरान, शशि दर्शन त्रिपाठी, अमन सेन और वंदना चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


