निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने नगर पालिका परिषद कार्यालय भवन, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन बस्ती सदर तथा क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन हर्रैया स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं, मतदान कार्मिकों की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान कार्मिक निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्य करें तथा मतदान की गोपनीयता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी रप्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।


