सफाईकर्मियों की लापरवाही और पंचायत अधिकारी की कार्यशैली पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। मिश्रिख विकासखंड की ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि सफाईकर्मी नियमित रूप से गांवों में सफाई करने नहीं पहुंच रहे हैं। इसका असर स्वच्छता व्यवस्था पर पड़ रहा है। ग्राम पंचायत आट में गंदगी की समस्या अधिक होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत अधिकारी रामवीर ग्राम पंचायतों का नियमित निरीक्षण नहीं करते हैं। वह ब्लॉक मुख्यालय पर ही इधर-उधर रहते हैं, जबकि गांवों में सफाई व्यवस्था की स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने और लापरवाही के आरोपों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित पंचायत अधिकारी का स्थानांतरण दूसरे विकासखंड में करने की मांग भी उठाई है। अब देखना है कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।


