रिपोर्ट : मयंक त्रिपाठी।
औरैया। बेसिक शिक्षा विभाग, औरैया के तत्वावधान में 23 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय बेसिक टीचर्स लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ सिटीहॉक अकादमी, मंडी समिति दिबियापुर में किया गया। जनपद के विभिन्न विकासखंडों के शिक्षकों की टीमों ने टूर्नामेंट में प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत दिबियापुर के अध्यक्ष श्री राघव मिश्र रहे। उन्होंने फीता काटकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया।विशिष्ट अतिथियों में जिला पीटीआई श्री मनीष मिश्रा, महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अलका यादव, जिला महामंत्री अनुजा सेंगर, सभासद कुलदीप पोरवाल, हरभूषण सिंह चौहान, सीमा राय, मोनिका गुप्ता, राजन शुक्ला,नीरज राजपूत,संदीप मिश्रा,मुकुल यादव,दीपक दीक्षित,सत्या राजपूत,नीलू वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट का आयोजन आलोक बाबू गुप्ता, विष्णु हरि पाण्डेय एवं अमित पाल के संयोजन में किया गया। आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग, खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।टूर्नामेंट में सिटी हॉक एकेडमी के कोच सुनील पाल व उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।टूर्नाामेंट के प्रायोजक हटके वड़ा,ग्लोबस मोबाइल,ब्रह्मानंद इलेक्ट्रॉनिक्स व रंगीला स्पोर्ट्स का सहयोग सराहनीय रहा।
पहले मैच में अछल्दा वॉरियर्स ने बिधूना को 34 रन से हराया
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अछल्दा वॉरियर्स और बिधूना की टीम आमने-सामने रहीं। अछल्दा वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आदित्य गुप्ता की शानदार 62 रनों की पारी की बदौलत 197 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिधूना की पूरी टीम 163 रन पर सिमट गई। इस प्रकार अछल्दा वॉरियर्स ने 34 रन से शानदार जीत दर्ज की।
गेंदबाजी में अमित कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में सहार इलेवन की जीत
दूसरे मैच में सहार इलेवन और बिधूना की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। सहार इलेवन की ओर से आदित्य दुबे ने शानदार शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और सहार इलेवन ने बिधूना को पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।
खेल के माध्यम से शिक्षकों में बढ़ेगा आपसी समन्वय
आयोजकों ने बताया कि इस जिला स्तरीय टूर्नामेंट में सहार, औरैया, भाग्यनगर, बिधूना, अछल्दा और अजीतमल विकासखंडों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद में भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। टूर्नामेंट के माध्यम से शिक्षकों में आपसी सौहार्द, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक आलोक बाबू गुप्ता, विष्णु हरि पाण्डेय एवं अमित पाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा टूर्नामेंट को सफल बनाने में सभी के सहयोग की सराहना की।


