•जयरामसिंहपुरा में इंटरलॉकिंग सड़क का शुभारंभ, 20 लाख रुपये से बनेगा नाला।
रिपोर्ट विजय नागपाल।
मथुरा। नगर निगम के वार्ड संख्या 36 जयरामसिंहपुरा में गणेश मंदिर के मुख्य द्वार से तमोली धर्मशाला तक इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा और पार्षद एवं कैबिनेट सदस्य राकेश भाटिया ने विधि-विधान से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों अतिथियों का माला पहनाकर और दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया।
सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा और पार्षद राकेश भाटिया ने बताया कि त्वरित योजना के तहत करीब 94 लाख रुपये की लागत से मुख्य मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
राधाकृष्ण वाटिका में नाला निर्माण भी शुरू
इसके अलावा राधाकृष्ण वाटिका में करीब 200 मीटर लंबे सीसी मार्ग और नाला निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया। नाला निर्माण पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होने और स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


