•ढाई लाख के सोने-चांदी के आभूषण और नशीली दवा बरामद, बुजुर्ग महिला को बेहोश कर की थी चोरी
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। ट्रेनों में यात्रियों को विश्वास में लेकर नशीला पदार्थ खिलाकर उनका सामान चोरी करने के आरोपी को जीआरपी मथुरा जंक्शन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नशीली दवा की तीन पुड़िया बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब चार माह पहले ट्रेन में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला को बेहोश कर उसके आभूषण, नकदी, मोबाइल और अन्य सामान चोरी किया था।
पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार को मथुरा जंक्शन के भैंली प्याऊ फाटक के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संजय पुत्र हीरालाल निवासी ग्राम भरती, थाना गभाना, जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीली धातु की एक चेन, दो अंगूठियां, सफेद धातु की एक अंगूठी और नशीली दवा की तीन पुड़िया बरामद हुईं।
बातचीत में फंसाकर बनाता था निशाना
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों से बातचीत कर उनका विश्वास जीतता था। इसके बाद खाने-पीने की वस्तुओं में नशीली दवा मिलाकर उन्हें बेहोश कर देता और उनका सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस के मुताबिक, करीब चार माह पहले आरोपी ने मथुरा जंक्शन से ट्रेन में सवार एक बुजुर्ग महिला को नशीली दवा देकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद ग्वालियर स्टेशन पर महिला के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया था।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मथुरा, अलीगढ़ और मुरादाबाद के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद सामान और आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।


