•पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, चार अन्य घेराबंदी कर पकड़े गए; हथियार और लोहे के औजार बरामद।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। एसएसपी श्लोक कुमार और एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के निर्देशन में थाना हाईवे पुलिस ने डकैती की योजना बनाने के आरोप में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के रोडवेज बस अड्डे के पास गुरु कृपा संगम के सामने जाने वाले रास्ते पर आरोपियों की घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि चार अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना हाईवे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में नीरज निवासी पूजा एन्क्लेव, कृष्णा नगर और सौरभ निवासी हंसराज कॉलोनी, थाना हाईवे घायल हो गए।
चार अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से सचिन निवासी आशापुरम कॉलोनी, अजीत निवासी हंसराज नगर कॉलोनी, गोपाल निवासी तुलसीनगर कॉलोनी और अनुराग निवासी सूर्य नगर कॉलोनी, गोवर्धन चौराहा के पास को भी गिरफ्तार किया है। घायल दोनों अभियुक्तों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया।
तमंचे, कारतूस और लोहे के औजार बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन देशी तमंचे .315 बोर, एक तमंचा .303 बोर, .315 बोर के दो खोखा कारतूस, छह जिंदा कारतूस .315 बोर और .303 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक नुकीला सरिया, एक पाइप और लोहे के दो एंगल भी मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है।


