•संत रविदास एवं संत गाडगे कल्याण मिशन की पहल, तीन वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही यात्रा।
बस्ती। संत रविदास एवं संत गाडगे कल्याण मिशन, बस्ती के तत्वावधान में दो दिवसीय बौद्ध धम्म यात्रा रविवार को सारनाथ के लिए रवाना हुई। यात्रा में 120 श्रद्धालु शामिल हैं। यात्रा को लेकर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान भगवान बुद्ध के विचारों, उनके संदेशों और बौद्ध धम्म की शिक्षाओं के प्रति आस्था व्यक्त की गई।
यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए शिवराम कनौजिया ने बताया कि मिशन की ओर से पिछले तीन वर्षों से लगातार बौद्ध धम्म यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 2024 में कुशीनगर यात्रा से हुई थी। वर्ष 2025 में श्रद्धालुओं ने लुंबिनी की यात्रा की और अब वर्ष 2026 में सारनाथ के लिए धम्म यात्रा निकाली गई है।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य बौद्ध धम्म के विचारों, भगवान बुद्ध के संदेशों तथा सामाजिक समरसता, समानता और मानवता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। इस तरह की यात्राएं लोगों को महापुरुषों के विचारों से जुड़ने और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
बस्ती से सारनाथ के लिए रवाना हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में अनुयायियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विश्राम राव, अजय कुमार कनौजिया, विजय प्रकाश, उमाशंकर बौद्ध, राम पियारे कनौजिया, छोटेलाल सिद्धार्थ, राम सुमिरन कनौजिया सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

