मथुरा। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्णय के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा रतन कीर्ति ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 25 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, शासन ने पूर्व में 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निर्बन्धित अवकाश घोषित किया था। शासन स्तर पर सम्यक विचार-विमर्श के बाद अब इस तिथि को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।
शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से जारी निर्देश के क्रम में पूर्व में जारी अवकाश संबंधी विज्ञप्ति को संशोधित माना जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह सार्वजनिक अवकाश निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अधीन नहीं होगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शासन के आदेश की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है। इनमें महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), सचिव बेसिक शिक्षा परिषद, उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य डायट, मथुरा, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) आगरा मंडल तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हैं। जिला सूचना अधिकारी को भी आदेश के प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिलिपि भेजी गई है।


