•मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत अमहट घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण।
बस्ती। दुर्गा पूजा मेला एवं मूर्ति विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को कंपनी बाग से गांधी नगर तक पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए। साथ ही सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि मेला आयोजन के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके उपरांत जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना मूर्ति विसर्जन के दृष्टिगत अमहट घाट स्थल पर पहुंचीं और वहां की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। घाट पर पर्याप्त सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से तैयार रखे जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा मेला एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

