रिपोर्ट: विजय नागपाल।
- राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने मथुरा में की समीक्षा बैठक और जनसुनवाई
- 10 नवजात बालिकाओं का मनाया कन्या जन्मोत्सव, गर्भवती महिलाओं की हुई गोदभराई
- राया में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से किया संवाद
मथुरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को मथुरा जनपद का दौरा कर कन्या जन्मोत्सव, गोदभराई, अन्नप्राशन, विभागीय समीक्षा बैठक, जनसुनवाई और शक्ति संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
राजीव भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की और बच्चों को अन्नप्राशन कराया। इस अवसर पर 10 नवजात बालिकाओं का केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। अध्यक्ष ने गर्भवती महिलाओं को फल की टोकरी भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा नवजात बालिकाओं को बेबी किट वितरित कीं। उन्होंने कहा कि कन्या का जन्म समाज के लिए गौरव का विषय है। बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के प्रति सभी को जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
महिलाओं की नौ शिकायतें मिलीं
इसके बाद दोपहर 12:20 बजे अध्यक्ष की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित हुई। इसमें महिला सुरक्षा, कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जनसुनवाई के दौरान कुल नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पुलिस विभाग से संबंधित थीं। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों तथा निजी प्रतिष्ठानों में आंतरिक परिवाद समिति (आईसीसी) का शत-प्रतिशत गठन कराने और शिकायत पेटिका अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश भी दिए।
राया में महिलाओं से किया शक्ति संवाद
शाम चार बजे विकासखंड राया में शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 20 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। अध्यक्ष ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा योजना और कौशल विकास योजना की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी राधावल्लभ, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, जिला पंचायतराज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राया में आयोजित कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी सत्येंद्र चौधरी एवं एनआरएलएम के उपायुक्त इंद्रपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


