लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार और खुले रहने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठान केवल व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि ये व्यापारियों के बढ़ते विश्वास और बेहतर सुरक्षा वातावरण को भी दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि नाइट शिफ्ट में महिलाएं निर्भय होकर अपने कार्यस्थलों पर जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उनका आत्मविश्वास पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के माहौल के कारण सूर्यास्त के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का प्रयास किया है। अपराध और अपराधियों के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अब बाजार देर रात तक खुले रहते हैं, जिससे व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के नए अवसर मिल रहे हैं।
वहीं महिलाएं भी सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर आगे बढ़ रही हैं।मुख्यमंत्री ने महिला श्रम बल भागीदारी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिलाओं की श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने इसे महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता का संकेत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ता नया उत्तर प्रदेश अब नई पहचान बना रहा है।


