•संदिग्ध वाहनों और चालकों की सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
छाता, मथुरा। त्योहारों के मद्देनजर छाता पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। खास बात यह रही कि क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा स्वयं पुलिस टीम के साथ सड़क पर उतरकर चेकिंग अभियान की कमान संभालते नजर आए।

त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को विशेष रूप से चेक किया गया।
सीओ भूषण वर्मा ने पुलिस टीम के साथ वाहनों की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की इस सक्रियता से वाहन चालकों में भी सतर्कता देखने को मिली। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें। शराब इत्यादि का सेवन करने वालों पर भी पुलिस नजर बनाए हुए हैं कि किसी भी सामाजिक तत्व के लोग कोई उपद्रव त्योहार पर ना करें जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़े।
पुलिस का साफ संदेश है कि त्योहारों की खुशियों में खलल डालने वालों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


