लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को कमजोर करने और मतदाताओं के अधिकार छीनने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अब फार्म-6 के माध्यम से भाजपा के पक्ष में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसी किसी भी गड़बड़ी के प्रति सतर्क रहना होगा और फर्जी मतदाताओं के नाम जुड़ने से रोकना होगा।
गुरुवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर विशेष निगरानी रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भाजपा फर्जी वोट बनवाने का प्रयास कर सकती है। पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करें और किसी भी संदिग्ध प्रविष्टि पर नजर रखें। उनके मुताबिक, वोट चोरी को लेकर जनता में नाराजगी है, लेकिन निर्वाचन आयोग इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
अखिलेश यादव ने मतदाता पहचान और चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आधार कार्ड को मतदाता सूची से जोड़ने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि आधार कार्ड धातु का बनाया जाना चाहिए, ताकि उसकी नकल तैयार करना आसान न हो। साथ ही आधार को बायोमेट्रिक प्रणाली के जरिए मतदाता सूची से जोड़ा जाना चाहिए। उनका दावा है कि इससे चुनावी धांधली और मतों की चोरी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे माफियाओं का गिरोह बताया और आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्ता के संरक्षण में अराजकता फैल रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा पर वोट चोरी, चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी जैसे आरोप लगते रहे हैं, लेकिन उसे इसकी कोई परवाह नहीं है। सत्ता का दुरुपयोग कर रैलियों और पदयात्राओं के माध्यम से माहौल बिगाड़ने का काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, व्यापारी, छात्र और आम नागरिक भाजपा की नीतियों से परेशान हैं तथा प्रदेश की व्यवस्था चौपट हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है। लोग उसके झूठ और बेईमानी को समझने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लोकतंत्र, संविधान और जनता के मताधिकार की रक्षा की जाएगी। किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य, युवाओं को नौकरी और रोजगार तथा सभी वर्गों को सम्मान और न्याय देने के साथ सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और देश-प्रदेश की जनता को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


