गोबर से तैयार किया गया गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप, हजारों श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना और परिक्रमा; दोपहर तीन बजे होंगे अन्नकूट दर्शन
मथुरा। दीपावली के अगले दिन ब्रजभूमि में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मथुरा के प्रसिद्ध पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के श्री द्वारकाधीश मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। सुबह 10 बजे से मंदिर परिसर में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना शुरू हुई। दर्शन और पूजन के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर गिरिराज महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मंदिर परिसर स्थित चौक में गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार किया गया, जिसे आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर के सेवायतों ने विशेष मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पुष्प, दीप एवं पूजन सामग्री चढ़ाकर गिरिराज महाराज की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
गोवर्धन पूजा के आयोजन को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। शहनाई की मधुर धुन और श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की आवाजाही लगी रही। श्रद्धालुओं में गिरिराज महाराज के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
श्री द्वारकाधीश मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि गोवर्धन पूजा के लिए गाय के गोबर से गिरिराज महाराज का विशाल स्वरूप तैयार कराया गया है। विशेष मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा कर विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। उन्होंने बताया कि दोपहर तीन बजे मंदिर में अन्नकूट के दर्शन होंगे, जिसका लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उठाएंगे।
ब्रज की प्राचीन धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित गोवर्धन पूजा में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था।


