•अवागढ़ हाउस में प्रतिदिन लगता है जनता दरबार, दिनेश शर्मा फलाहारी महाराज ने मुलाकात कर जनसेवा के प्रयासों की सराहना की।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रमुख समाजसेवी कुंवर नरेंद्र सिंह के डेम्पियर नगर स्थित अवागढ़ हाउस में पिछले 35 वर्षों से जनसेवा की परंपरा जारी है। यहां प्रतिदिन आयोजित होने वाले जनता दरबार में जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। कुंवर नरेंद्र सिंह लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क करते हैं और नियमानुसार उनके समाधान का प्रयास करते हैं।
जनता दरबार में बिजली, खाद्य एवं रसद, सिंचाई, पेंशन, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, नाली-खड़ंजा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखी जाती हैं। कुंवर नरेंद्र सिंह पहले संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के निस्तारण का अनुरोध करते हैं। इसके बावजूद समाधान नहीं होने पर वह संबंधित व्यक्ति के साथ स्वयं अधिकारी से मिलकर समस्या का नियमानुसार समाधान कराने का प्रयास करते हैं।
बताया जाता है कि पिछले साढ़े तीन दशक से वह आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करते आ रहे हैं। ठेला लगाने वाले, टैक्सी चालक और ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोग भी अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचते हैं। इसके साथ ही वह जनपद के विभिन्न गांवों में लोगों के सुख-दुख में भी शामिल होते हैं।
इसी क्रम में सोमवार को सनातन धर्म से जुड़े दिनेश शर्मा फलाहारी महाराज ने अवागढ़ हाउस पहुंचकर कुंवर नरेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने समाज और जनपद के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा लंबे समय से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए उनकी सराहना की।
दिनेश शर्मा फलाहारी महाराज ने बताया कि उन्होंने बिना चप्पल-जूते पहने रहने और भोजन न करने का संकल्प लिया है। पिछले पांच वर्षों से उनका जीवन फलाहार पर आधारित है। उन्होंने कहा कि गांवों में कुंवर नरेंद्र सिंह की जनसेवा को लेकर चर्चा हो रही है और लोग उनके साथ खड़े होने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि 35 वर्षों की जनसेवा का प्रतिफल उन्हें चुनाव में जनता के समर्थन के रूप में मिल सकता है। उन्होंने कुंवर नरेंद्र सिंह के सिर पर हाथ रखकर उनकी जीत की कामना की और कहा कि गांवों में उनके समर्थन को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।


