•84 विधानसभा मथुरा-वृंदावन से चुनावी तैयारी तेज, बोले- जनता का विश्वास ही मेरी असली पहचान।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा/वृंदावन। मथुरा-वृंदावन विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में प्रमुख समाजसेवी एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल अग्रवाल ने मिशन-2027 के तहत अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनका नारा है- ‘जनता की आवाज, मेरा संकल्प’। वह ब्रजभूमि की सेवा और मथुरा-वृंदावन के समग्र विकास को अपना प्रमुख लक्ष्य बता रहे हैं।
लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय अनिल अग्रवाल की पहचान लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने वाले समाजसेवी के रूप में रही है। अब वह जनसेवा के अपने अनुभव को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटे हैं। इसी उद्देश्य से 84 विधानसभा मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों से संवाद कर रहे हैं।
समग्र विकास को प्राथमिकता
अनिल अग्रवाल द्वारा जारी पोस्टर में मथुरा-वृंदावन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी गई है। इसमें ‘मथुरा-वृंदावन का समग्र विकास, हमारी प्राथमिकता’ का संदेश दिया गया है। उनका कहना है कि मथुरा-वृंदावन केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि विश्वभर में ब्रज संस्कृति और सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसलिए यहां का विकास भी व्यापक दृष्टिकोण के साथ होना चाहिए।
उनके विकास विजन में तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, व्यापारियों के लिए अनुकूल वातावरण, महिलाओं की सुरक्षा तथा किसानों और गरीबों के सम्मान को प्राथमिकता देने की बात शामिल है।
जनता का विश्वास ही असली पहचान
अनिल अग्रवाल का कहना है कि राजनीति उनके लिए व्यवसाय नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। ‘आपका विश्वास, मेरी नई पहचान’ के संदेश के साथ वह जनता से जुड़ाव मजबूत करने में जुटे हैं। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधि की असली पहचान जनता के बीच उसकी सक्रियता और क्षेत्र के विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से बनती है।
कार्यकर्ताओं में दिख रहा उत्साह
मिशन-2027 की घोषणा के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि क्षेत्र को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है, जो स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाकर शासन और प्रशासन तक पहुंचा सके।
फिलहाल अनिल अग्रवाल क्षेत्र में जनसंपर्क, मंदिरों में दर्शन और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता के माध्यम से लोगों से संवाद कर रहे हैं। आगामी दिनों में बड़ी जनसभाओं और पदयात्रा के आयोजन की भी तैयारी प्रस्तावित है।


