रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सोमवार को जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी एन ने विकास खंड जोगिया के सिरसिया स्थित अस्थायी गौशाला में पहुंचकर विधि-विधान से गौ पूजन किया। उन्होंने गायों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर केला एवं गुड़ खिलाया और गौ माता की आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने गौ संवर्धन एवं गौ संरक्षण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी के गौशाला पहुंचने पर वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों व ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद जिलाधिकारी ने पूरे गौशाला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने गायों के लिए चारा, पानी, छाया, साफ-सफाई व चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। गौशाला में रह रही गायों की संख्या, उनकी स्वास्थ्य स्थिति और देखभाल में लगे कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जी एन ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पशुधन व पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में निराश्रित व बेसहारा गायों की देखभाल सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशाला में चारे-पानी की पर्याप्त व्यवस्था हमेशा बनी रहे, बीमार गायों का समय पर इलाज हो और ठंड के मौसम को देखते हुए गायों के लिए पर्याप्त छाया व गर्मी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि गायें स्वस्थ रहें।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें। निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन व ग्रामीणों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के संचालन में जनसहयोग भी बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुदामा, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ0 ऋषिकेश दर्शन, प्रभारी पशु चिकित्सा अधिकारी जोगिया डॉक्टर प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।


