•बोले- मिट्टी के दीयों और स्वदेशी उत्पादों से रोशन करें घर, स्थानीय कुम्हारों व छोटे व्यापारियों को दें प्रोत्साहन।
केके मिश्रा संवाददाता।
संतकबीरनगर। खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अंकुर राज तिवारी ने दीपावली के पावन पर्व पर वीडियो संदेश जारी कर जनपदवासियों सहित प्रदेश के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और नई ऊर्जा के संचार की कामना की।
अपने संदेश में विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देने वाला पर्व है। यह त्योहार आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियों को साझा करने का अवसर भी प्रदान करता है।
उन्होंने जनपदवासियों से दीपावली पर मिट्टी के दीयों और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। कहा कि स्थानीय कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये खरीदने से उनकी आजीविका को मजबूती मिलेगी। साथ ही छोटे व्यापारियों और स्थानीय उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विधायक ने अपने संदेश में कहा कि घर-आंगन में रंगोली, दीपों की रोशनी और मां लक्ष्मी के स्वागत के साथ हर चेहरे पर मुस्कान हो, यही दीपावली की वास्तविक खुशियां हैं। उन्होंने सभी से पर्व को प्रेम, उल्लास और पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप मनाने का आह्वान किया।


