•जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट और सभी तहसील मुख्यालयों में होगा आयोजन, विभिन्न श्रेणियों के मामलों का होगा त्वरित निपटारा।
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका आयोजन जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं जनपद के समस्त तहसील मुख्यालयों पर होगा।
यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित मामले, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम एवं पारिवारिक वाद, भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले तथा विद्युत एवं जलकर विवादों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त सर्विस मामलों में वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित विवाद, राजस्व वाद तथा अन्य सिविल वादों जैसे किराया, सुखाधिकार, व्यादेश, विशिष्ट अनुतोष एवं आर्बिट्रेशन (हायर परचेज एग्रीमेंट से उत्पन्न विवाद) से जुड़े मामलों को भी शामिल किया जाएगा।
सचिव ने बताया कि ऐसे अन्य सभी वाद, जिनका निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर संभव है, उन्हें भी अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कर निस्तारित कराया जाएगा।


