•बोले- गरीबों को सरकारी अस्पतालों में मिले निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज, बाहर से दवाएं लिखने पर होगी कार्रवाई
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री बृजेश पाठक ने बुधवार को जनपद आगमन के दौरान संयुक्त जिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, निःशुल्क दवाओं एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी कक्ष, आर्थोपेडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड सहित अस्पताल परिसर का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टर कक्ष, दवा वितरण केंद्र, ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अस्पताल में चिकित्सकों, मेडिकल उपकरणों, दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि आमजन को निःशुल्क एवं गुणवत्तापरक इलाज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अस्पताल में भर्ती मरीजों की उचित देखभाल की जाए और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही मिलनी चाहिए। किसी भी मरीज को बाहर से दवा लिखने की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा अनुपस्थित पाए जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय के सभागार में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिला चिकित्सालय सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, एंटीवेनम और विभिन्न प्रकार के टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति की निगरानी के लिए औचक निरीक्षण भी कराया जाए।
एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा के दौरान जनपद में एंबुलेंस की संख्या अपेक्षाकृत कम होने तथा कुछ एंबुलेंस खराब स्थिति में पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को खराब एंबुलेंसों को निष्प्रयोज्य घोषित कर नई एंबुलेंस की मांग भेजने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने तत्काल दूरभाष पर स्वास्थ्य महानिदेशक से वार्ता कर जनपद को आवश्यक एंबुलेंस उपलब्ध कराने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत, जननी सुरक्षा योजना सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचे। चिकित्सक मरीजों की आवश्यकतानुसार काउंसलिंग करें, ताकि लोग निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकें। अस्पताल परिसर, वार्डों एवं शौचालयों में नियमित साफ-सफाई रखने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर खजनी विधायक श्रीराम चौहान, सदस्य विधान परिषद संतोष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी, मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, जनपद आगमन के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने होटल ‘द बेलेंसिया’ का फीता काटकर भव्य शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता त्र्यम्बक नाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक खलीलाबाद दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे सहित पार्टी पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


