•हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा की संगठनात्मक बैठकों में बनी रणनीति, पन्ना प्रमुखों से लेकर बूथ समितियों तक समन्वय बढ़ाने पर जोर
बस्ती। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठकों का आयोजन सुबह 11 बजे हर्रैया ब्लॉक सभागार में 307 हर्रैया विधानसभा तथा दोपहर दो बजे कप्तानगंज ब्लॉक सभागार में 308 कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के लिए किया गया। मुख्य अतिथि बस्ती जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. सत्येन्द्र सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र में संगठन की मजबूती के लिए पूरी सक्रियता से जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ प्रमुख और बूथ समितियों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करना जरूरी है। सभी कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभाव बूथ स्तर तक दिखाई दे।
डॉ. सिन्हा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे। कहीं कोई समस्या सामने आती है तो उसके समाधान के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएं। संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों और दायित्वों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने से ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
बैठकों में विशिष्ट अतिथि के रूप में हर्रैया विधानसभा प्रभारी लालजी त्रिपाठी एवं कप्तानगंज विधानसभा प्रभारी सेतुबान राय मौजूद रहे। इस दौरान हर्रैया विधायक अजय सिंह, कप्तानगंज के पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश शुक्ल, जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा एवं राजेश त्रिपाठी सहित राजकुमार शुक्ल, राधेश्याम कमलापुरी, सुनील सिंह, वीरेन्द्र गौतम, रामसिंगार ओझा, विनय सिंह भारद्वाज, अखण्ड प्रताप सिंह, विनय शंकर मिश्र, अमित चतुर्वेदी, जवाहर जैसवाल, शिवचरन जायसवाल, ओमकार सिंह, अमरनाथ शर्मा, राजेश कमलापुरी, मनोज पाठक, गौरव मणि त्रिपाठी और गंगेश सिंह सहित मंडल पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


