•धनपुरा गांव के पास हुआ हादसा, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार; युवक की हालत नाजुक।
रिपोर्ट: गंगेश कुमार।
हरिद्वार/लक्सर। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर धनपुरा गांव के निकट देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, लक्सर निवासी सूरज देर रात मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान धनपुरा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सूरज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया। सूरज के भाई डॉ. कपिल आर्य के मुताबिक, उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस हादसे की जानकारी जुटा रही है।


